कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बुधवार को आयोजित जिला परीक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा ने सर्व शिक्षा अभियान के अधिकारियों को जिले में कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाओं के सुचारू संचालन एवं जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा कार्यक्रम के बारे में चर्चा करते हुए डीपीसी श्री पीके रैकवार अधिकारियों को राज्य शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार जिले के समस्त शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय व अनुदान प्राप्त शालाओं एवं डाईस कोड प्राप्त मदरसों के कक्षा 5वीं एवं कक्षा 8वीं में अध्ययनरत नियमित छात्रों के लिए वार्षिक परीक्षा का सुचारू संचालन कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के लिए सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता और निष्ठा से पालन किया जाए। उन्होंने डीपीसी और बीआरसी को निर्देशित कि बच्चों को परीक्षा हेतु प्रोत्साहित किया जाए, बच्चे मानसिक रूप से किसी भी दबाव में ना रहे। बैठक में डीपीसी ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डों में कुल 2361 विद्यालय है जिनमें कक्षा 5वीं में 24322 विद्यार्थी एवं कक्षा 8वीं में 22420 विद्यार्थी हैं। बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन के उद्देश्य से कन्ट्रोल रूम स्थापित कर पर्यवेक्षण तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में भी निर्देश दिए गए।

